मंडला में 4 जंगली हाथियों की दस्तक: वन विभाग अलर्ट

मंडला। जिले में चार हाथियों के झुंड के आने के बाद वन विभाग पूरी तरह सतर्क हो गया है। हाथियों का यह झुंड बीते सोमवार 23 नवंबर को छत्तीसगढ़ की सीमा पार कर मंडला जिले के कान्हा टाइगर रिजर्व स्थित फेन अभ्यारण्य में पहुंचा था। इसके बाद यह झुंड आगे बढ़ते हुए पूर्व सामान्य वनमंडल के मवई, मोतीनाला और गढ़ी रेंज के जंगलों में देखा गया है

ग्रामीणों की सुरक्षा और हाथियों को जंगल में सुरक्षित माहौल देने के लिए कान्हा टाइगर रिजर्व और सामान्य वनमंडल की टीमें लगातार मैदान  में काम कर रही हैं। वन विभाग की टीम हाथियों के आने-जाने के रास्तों पर लगातार नजर रख रही है। साथ ही, आसपास के गांवों में मुनादी  कराकर लोगों को सावधान किया जा रहा है। इस काम में राजस्व, बिजली, कृषि और पुलिस विभाग की भी मदद ली जा रही है।

वन विभाग ने आम लोगों से अपील की है कि अगर हाथियों का झुंड दिखे, तो उनके पास न जाएं और न ही उन्हें छेड़ने या भगाने की कोशिश करें। किसी भी तरह की अफवाह न फैलाएं। हाथियों के दिखने पर तुरंत पास की वन विभाग की टीम को खबर दें और विभाग के नियमों का पालन करें।

This website uses cookies.