नाबालिग के यौन शोषण मामले में 20 साल की कठोर कैद

निवास (मंडला)। अपर सत्र न्यायालय निवास ने नाबालिग को बहला-फुसलाकर दुष्कर्म करने के मामले में कड़ा फैसला सुनाया है। अपर सत्र न्यायाधीश ने आरोपी को दोषी करार देते हुए 20 वर्ष के सश्रम कारावास और कुल 15,000 रुपये के अर्थदंड से दंडित किया है।

अभियोजन पक्ष से मिली जानकारी के अनुसार, 1 मार्च 2025 को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र निवास से जानकारी मिलने पर थाना प्रभारी निवास अस्पताल पहुंचे और नाबालिग पीड़िता का बयान दर्ज किया। पीड़िता ने बताया कि वह शासकीय हायर सेकेंडरी स्कूल में पढ़ती है, जहां आरोपी महेन्द्र झारिया कंप्यूटर ऑपरेटर (अस्थायी कर्मचारी) के पद पर कार्यरत था।

आरोपी ने पहले पीड़िता से बातचीत शुरू की और फिर अपनी मोटरसाइकिल से 2-3 बार घुमाने ले गया। इसके बाद 9 जनवरी 2023 की रात 11 बजे आरोपी उसे स्कूल की लाइब्रेरी में ले गया, जहां बहला-फुसलाकर उसके साथ दुष्कर्म किया। इसके बाद से आरोपी लगातार उसके साथ जबरदस्ती शारीरिक संबंध बनाता रहा।

पीड़िता के बयानों के आधार पर निवास पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 64, 65(1) और पॉक्सो (POCSO) एक्ट की धारा 3/4, 5एल, 6 के तहत मामला दर्ज कर जांच पूरी की और चालान न्यायालय में पेश किया।

विचारण के दौरान पेश किए गए साक्ष्यों के आधार पर न्यायालय ने आरोपी को सभी धाराओं में दोषी पाया।

This website uses cookies.