अपर सचिव ने सफाई के बहाने फिर साधा निशाना


मंडला जिले सहित पूरे प्रदेश में इन दिनों मध्य प्रदेश मुख्यमंत्री कार्यालय के अपर सचिव लक्ष्मण सिंह मरकाम और सांसद फग्गन सिंह कुलस्ते के बीच चल रही जुबानी जंग चर्चा का विषय बनी हुई है। दोनों के बयानों के वीडियो वायरल होने के बाद, शुक्रवार को अपर सचिव लक्ष्मण सिंह मरकाम ने सोशल मीडिया पर 14 मिनट का एक नया वीडियो जारी किया है। वीडियो की शुरुआत में भले ही वे अपने पिछले बयान पर सफाई देते नजर आ रहे हैं, लेकिन आगे के हिस्से में उन्होंने सीधे तौर पर सांसद द्वारा गिनाए गए विकास कार्यों पर कई गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

पहले चरण में मंडला को क्यों नहीं मिला प्रोजेक्ट?

सोशल मीडिया पर जारी वीडियो में मरकाम ने स्पष्ट किया कि उन्होंने किसी व्यक्ति विशेष को लक्ष्य बनाकर टिप्पणी नहीं की थी, बल्कि जिले के विकास पर एक सामान्य चर्चा की थी। उन्होंने सवाल उठाते हुए कहा कि वर्ष 2014 में केंद्र सरकार आने के बाद ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने के लिए पहले चरण की शुरुआत हुई थी। मंडला एक प्रमुख आदिवासी जिला है, इसके बावजूद इसे छोड़कर प्रदेश के अन्य छह जिलों में यह प्रोजेक्ट मंजूर हुआ। इस बात पर गंभीर चर्चा होनी आवश्यक है कि मंडला कैसे पिछड़ गया।

दिशा समिति और स्वास्थ्य मंत्री के कार्यकाल का जिक्र
मरकाम ने प्रशासनिक और राजनीतिक प्रक्रिया का हवाला देते हुए कहा कि हर जिले की विकास समिति में स्थानीय सांसद और अधिकारी शामिल होते हैं, और जिले के विकास का प्रस्ताव यहीं से बनकर जाता है। उन्होंने याद दिलाया कि वर्ष 2016 से सांसद महोदय जिले की ‘दिशा’ (DISHA) समिति के अध्यक्ष हैं और वे केंद्र में स्वास्थ्य राज्य मंत्री भी रहे हैं। इसके बावजूद यदि जिला स्वास्थ्य सेवाओं में पीछे रह गया, तो यह मानना होगा कि मंडला को विकसित बनाने में कहीं न कहीं चूक हुई है। उन्होंने कहा कि इस बात को किसी एक व्यक्ति को अपने ऊपर नहीं लेना चाहिए, लेकिन यह सच है कि हमने एक ‘गोल्डन अपॉर्चुनिटी’ (सुनहरा अवसर) खो दिया है।

भविष्य के प्रोजेक्ट्स और पॉलिटेक्निक कॉलेज पर चर्चा जरूरी
वीडियो के अंत में मरकाम ने भविष्य की कार्ययोजना पर जोर देते हुए कहा कि यदि मंडला का वास्तविक विकास करना है, तो आगे की संभावनाओं पर बात करनी होगी। जिले में संसाधनों और संभावनाओं की कोई कमी नहीं है, बस जरूरत इस बात की है कि भविष्य में यहां कौन-से बड़े प्रोजेक्ट्स लाए जाएं, इस पर मंथन हो। इसके साथ ही उन्होंने जिले में ‘बालक पॉलिटेक्निक कॉलेज’ की अनुपस्थिति का मुद्दा भी उठाया और कहा कि ऐसे बुनियादी संस्थानों की कमी पर भी चर्चा जरूरी है।


This website uses cookies.