मंडला जिले में पिछले एक सप्ताह से पड़ रही कड़ाके की ठंड ने जनजीवन को पूरी तरह प्रभावित कर दिया है। ( अनोखी आस्था)हालात ऐसे हो गए हैं कि ठंड से बचाव के लिए अब केवल इंसान ही नहीं, बल्कि भगवान के लिए भी विशेष इंतजाम किए जा रहे हैं। जी हां, भक्तों ने अपनी आस्था और भावनात्मक जुड़ाव का परिचय देते हुए मंदिरों में विराजमान भगवान की मूर्तियों को भी गर्म कपड़े पहनाए हैं।
मंडला नगर के लालीपुर स्थित श्रीराम मंदिर में श्रीराम दरबार, भोलेनाथ और लड्डूगोपाल जी को ऊनी वस्त्र पहनाकर सुसज्जित किया गया है। भक्त अब भगवान के गर्म वस्त्रों में दर्शन कर रहे हैं। श्रद्धालुओं का मानना है कि जब इंसान और पशु-पक्षी ठंड से प्रभावित हो सकते हैं, तो भगवान भला इससे अछूते कैसे रह सकते हैं।
अनोखी आस्था: मंडला जिले में आठ डिग्री के नीचे पहुंचा पारा
बीते चार दिनों से मंडला में सुबह 10 बजे तक घना कोहरा छाया रहता है। ठंडी हवाओं के चलते न्यूनतम तापमान गिरकर करीब 8 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है। लोग घरों से निकलने में झिझक रहे हैं और अलाव व गर्म कपड़ों का सहारा ले रहे हैं।
इसी भीषण ठंड के बीच मंदिर परिसर में भगवान को गर्म वस्त्र पहनाए जाने का दृश्य श्रद्धा और भक्ति से सराबोर कर देने वाला रहा। जैसे ही भगवान को ऊनी वस्त्र पहनाए गए, पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा। श्रद्धालुओं का कहना है कि भगवान केवल पूजनीय नहीं होते, बल्कि परिवार के सदस्य की तरह होते हैं, जिनकी देखभाल करना उनका कर्तव्य और धर्म है।
मंडला का यह दृश्य न सिर्फ गहरी आस्था को दर्शाता है, बल्कि यह भी बताता है कि भक्त और भगवान के बीच का रिश्ता कितना आत्मीय और भावनात्मक होता है। यही कारण है कि देशभर में मौसम के अनुसार भक्त अपने आराध्य के लिए विशेष इंतजाम करते हैं—सर्दियों में ऊनी वस्त्र और हीटर की व्यवस्था की जाती है।
also you read गायों के लिए भूख हड़ताल
Aditya Kinkar Pandey is the Editor and Journalist at Bhaukal News. Having completed his formal education in journalism in 2008, he brings over 18 years of active field experience in reporting. He specializes in ground-level journalism, covering politics, administration, crime, and civic issues across Mandla, and the tribal belt of Madhya Pradesh. Through fact-based and investigative reporting, he is dedicated to bringing rural and local issues to the forefront