जानिए बहिनी दरबार’ की कहानी
आज के दौर में जब पत्रकारिता तेजी से डिजिटल होती जा रही है, खबरें मोबाइल, वेबसाइट और सोशल मीडिया के जरिए कुछ ही सेकंड में लाखों लोगों तक पहुंच रही हैं, वहीं मध्य प्रदेश के रीवा जिले के डभौरा क्षेत्र में ग्रामीण महिलाओं का एक समूह आज भी कागज और कलम के सहारे पत्रकारिता की एक अनूठी मिसाल पेश कर रहा है। इस अखबार का नाम है ‘बहिनी दरबार’।
इसकी सबसे खास बात यह है कि इसे तैयार करने में न तो कंप्यूटर का इस्तेमाल होता है और न ही प्रिंटर का। ग्रामीण महिलाएं खुद अपने हाथों से सादे कागज पर खबरें और लेख लिखती हैं। इसके बाद मूल हस्तलिखित अंक की फोटोकॉपी कराकर आसपास के गांवों और सरकारी कार्यालयों तक पहुंचाया जाता है। बघेली भाषा में प्रकाशित होने वाला यह मासिक अखबार ग्रामीण महिलाओं की समस्याओं और उनकी आवाज को सामने लाने का माध्यम बना हुआ है।
एक घटना ने रखी हस्तलिखित अखबार की नींव
‘बहिनी दरबार’ की शुरुआत के पीछे सामाजिक भेदभाव की एक घटना जुड़ी हुई है। वर्ष 2008 में डभौरा क्षेत्र में एक दलित महिला को हैंडपंप से पानी भरने के दौरान भेदभाव का सामना करना पड़ा। इस घटना ने आसपास की महिलाओं को एकजुट होकर अपने अधिकारों के लिए आवाज उठाने के लिए प्रेरित किया।
महिलाओं ने महसूस किया कि यदि उनके साथ होने वाले अन्याय और गांवों की समस्याओं को लिखित रूप में लोगों तथा प्रशासन तक पहुंचाया जाए तो उनकी आवाज को अधिक मजबूती मिल सकती है। इसी सोच से एक हस्तलिखित अखबार शुरू करने का निर्णय लिया गया। शुरुआत में कुछ महिलाओं ने मिलकर इस पहल को आगे बढ़ाया और धीरे-धीरे यह एक सामुदायिक अभियान बन गया।
उषा करती हैं संपादन, जन्मावती हाथों से लिखती हैं अखबार
इस अखबार की एक और खासियत इसकी पूरी प्रक्रिया है। उपलब्ध जानकारियों के अनुसार, उषा यादव इसके संपादन की जिम्मेदारी संभालती हैं, जबकि जन्मावती इसे अपने हाथों से लिखती हैं।
लगभग 10 पन्नों के इस अखबार में स्थानीय घटनाओं, महिलाओं के अधिकारों, घरेलू हिंसा, सामाजिक भेदभाव, बाल विवाह, दहेज प्रथा और ग्रामीण समस्याओं से जुड़े विषयों को जगह दी जाती है।
इसकी भाषा स्थानीय बघेली बोली है, ताकि गांव की महिलाएं और आम ग्रामीण आसानी से इसकी बात समझ सकें। जो लोग पढ़ने में सक्षम नहीं हैं, उनके लिए समूह में अखबार का सामूहिक वाचन भी किया जाता है।
इसकी प्रतियां गांवों के अलावा पंचायतों, आंगनवाड़ियों और सरकारी कार्यालयों तक पहुंचाई जाती हैं। पुलिस थानों तक भी इसकी प्रतियां भेजी जाती हैं, जिससे ग्रामीणों की समस्याएं प्रशासन के संज्ञान में आ सकें।
पत्रकारिता के लिए संस्थान ही क्यों जरूरी
इन महिलाओं के पास न कोई बड़ा मीडिया संस्थान है, न आधुनिक तकनीक और न ही संसाधनों से लैस कोई न्यूजरूम। इसके बावजूद वे अपने आसपास की समस्याओं को दर्ज कर रही हैं और लोगों के अधिकारों की बात प्रशासन तक पहुंचा रही हैं।
पत्रकारिता का मूल उद्देश्य जनता की आवाज को सामने लाना और समाज से जुड़े सवालों को उठाना है। यह आवाज हाथ से लिखे कागज के माध्यम से पहुंचे, किसी समाचार पत्र के जरिए पहुंचे या फिर वेबसाइट और सोशल मीडिया के माध्यम से, माध्यम बदल सकता है लेकिन जनता की आवाज उठाने का उद्देश्य नहीं बदलता।
‘बहिनी दरबार’ की कहानी इस बात की याद दिलाती है कि पत्रकारिता केवल बड़े संस्थानों, कैमरों, स्टूडियो और तकनीक तक सीमित नहीं है। सीमित संसाधनों में भी यदि समाज की समस्याओं को सामने लाने का प्रयास किया जाए तो पत्रकारिता की भूमिका निभाई जा सकती है।
Aditya Kinkar Pandey is a Since completing his formal education in journalism in 2008, he has built for delivering in-depth and accurate news coverage. With a passion for uncovering the truth, Aditya has become bring clarity and insight to complex stories. work continues to investigative journalism.