ग्रामीणों का फूटा गुस्सा, सड़क पर बर्तन रखकर किया चक्का जाम

निवास (मंडला)। जनपद पंचायत निवास के अंतर्गत आने वाली ग्राम पंचायत भीकमपुर में पिछले एक सप्ताह से अधिक समय से पेयजल आपूर्ति ठप होने के कारण ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। शनिवार सुबह करीब 10 बजे आक्रोशित ग्रामीणों ने सड़क पर खाली बर्तन रखकर निवास-कुडम मार्ग पर चक्का जाम कर दिया।

पंचायत और ठेकेदार के बीच फंसा पेंच
ग्रामीण दीप रजक ने बताया कि भीकमपुर पंचायत द्वारा एक वर्ष पूर्व नल-जल योजना के संचालन का ठेका दीपक विश्वकर्मा को दिया गया था। बीते एक सप्ताह से गांव में पानी की सप्लाई पूरी तरह बंद है। इस संबंध में शिकायत करने पर पंचायत द्वारा मोटर जलने और बजट न होने की बात कही जा रही है, वहीं ठेकेदार भी पंचायत से पुराना भुगतान न मिलने और बजट की कमी का हवाला देकर पल्ला झाड़ रहे हैं।

मौके पर प्रशासन दी समझाइश
निवास-कुडम मुख्य मार्ग अवरुद्ध होने की सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन सक्रिय हुआ। मौके पर पहुंचीं तहसीलदार सुष्मिता उइके ने आक्रोशित ग्रामीणों को समझाइश दी। उन्होंने बताया कि गांव में पानी की वैकल्पिक व्यवस्था की जा रही है और पेयजल आपूर्ति बहाल करने के लिए बोर से जली हुई मोटर को तुरंत निकलवाकर सुधार कार्य शुरू कराया जा रहा है।


This website uses cookies.