अधिवक्ता से मारपीट हथकड़ी लगाने से भड़के वकील, एसडीओपी को सौंपा ज्ञापन

निवास (मंडला): एक अधिवक्ता के साथ कथित मारपीट, झूठा प्रकरण दर्ज करने और उन्हें हथकड़ी लगाने के विरोध में अधिवक्ता संघ निवास के सदस्यों व्दारा सोमवार को एसडीओपी निवास को ज्ञापन सौंपा गया।

पुलिस कार्रवाई के विरोध में लामबंद हुए वकीलों ने पुलिस और प्रशासन के उच्चाधिकारियों को एक ज्ञापन सौंपकर दोषी पुलिसकर्मियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है। अधिवक्ताओं ने चेतावनी दी है कि यदि मामले की निष्पक्ष जांच कर कार्रवाई नहीं की गई, तो वे घटना में शामिल पुलिस वालों के विरुद्ध अनशन पर बैठने को मजबूर होंगे।

अधिवक्ता के पिता से मारपीट का आरोप

अधिवक्ता संघ द्वारा एसडीओपी निवास, पुलिस अधीक्षक (एसपी) मंडला, एसडीएम निवास और पुलिस महानिरीक्षक (आईजी) बालाघाट के नाम सौंपे गए ज्ञापन में बीजाडांडी पुलिस की कार्यप्रणाली पर गंभीर आरोप लगाए गए हैं। ज्ञापन के अनुसार, निवास न्यायालय में वकालत करने वाले अधिवक्ता भानू प्रताप वरकडे ग्राम धनवाही (थाना बीजाडांडी) के निवासी हैं।

 20 नवंबर को पुलिस ने अधिवक्ता की गैरमौजूदगी में बिना सर्च वारंट के उनके घर में घुस गई और उनके पिता से शराब के बारे में पूछताछ करने लगी।  जबकि पिता दो दिन पहले ही अस्पताल से वापिस आए थे। आरोप है कि एक एसआई चार अन्य पुलिसकर्मियों ने उन्हें जूते की नोक से मारा, जिससे वे गिर पड़े। मौके पर मौजूद बहन से घटना की सूचना पाकर जब अधिवक्ता भानू प्रताप घर पहुंचे, तो पुलिसकर्मी उनके पिता को घसीटकर बाहर निकाल रहे थे। बीच-बचाव करने पर पुलिस ने अधिवक्ता के साथ भी मारपीट की। अधिवक्ता संघ का आरोप है कि पुलिस भानू प्रताप को थाने ले गई, जहां झूठी कहानी गढ़कर उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई और एक अधिवक्ता की गरिमा के विरुद्ध उन्हें हथकड़ी लगाकर पेश किया गया।

इस घटना से आक्रोशित अधिवक्ताओं ने पूरी कार्रवाई को दुर्भावनापूर्ण करार दिया है। संघ के अध्यक्ष गोवर्धन रजक के साथ बड़ी संख्या में मौजूद अधिवक्ताओं ने मांग की है कि पूरे प्रकरण की जांच कर दोषी पुलिसकर्मियों पर वैधानिक कार्रवाई की जाए, अन्यथा अधिवक्ता संघ अनशन करने के लिए बाध्य होगा।

पूरे मामले में एसडीओपी पीएस बालरे ने कहा है कि अधिवक्ता संघ व्दारा ज्ञापन सौंपकर जांच की मांग की गई है। जल्द मामले की निष्पक्ष जांच की जाएगी।

This website uses cookies.