kanha tiger reserve बाघ ने किया गस्ती दल पर हमला

मंडला के kanha tiger reserve अंतर्गत नकटी घाटी कक्ष क्रमांक 136 स्थित कैंप के समीप घंघार नाला क्षेत्र में नियमित गश्त के दौरान एक बाघ ने गश्ती दल पर अचानक हमला कर दिया, जिसमें अग्नि सुरक्षा श्रमिक लखन सिंह (29 वर्ष) की मृत्यु हो गई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृतक लखन सिंह पिता बुद्ध सिंह, ग्राम आमगहन, जिला बालाघाट के निवासी थे। वे कान्हा टाइगर रिजर्व में अग्नि सुरक्षा श्रमिक के रूप में कार्यरत थे और घटना के समय गश्ती दल के साथ वन क्षेत्र में ड्यूटी पर थे।

घटना की सूचना मिलते ही कान्हा प्रबंधन एवं वन विभाग के वरिष्ठ अधिकारी तत्काल मौके पर पहुंचे। मृतक के परिजनों को घटना की जानकारी दे दी गई है। शव को पोस्टमार्टम सहित अन्य आवश्यक कानूनी एवं चिकित्सीय प्रक्रियाओं के लिए अस्पताल भेज दिया गया है। कान्हा प्रबंधन ने बताया कि मृतक के परिजनों को तत्काल आर्थिक सहायता उपलब्ध करा दी गई है। शासकीय नियमों के तहत देय शेष अनुग्रह राशि भी शीघ्र प्रदान की जाएगी।

इस दुखद घटना पर कान्हा टाइगर रिजर्व प्रबंधन ने गहरा शोक व्यक्त किया है। प्रबंधन ने कहा कि दुर्गम वन क्षेत्रों में हिंसक वन्यजीवों के बीच रहकर वन एवं वन्यजीव संरक्षण के लिए कार्य करने वाले वनकर्मियों का योगदान अतुलनीय है।

Leave a Comment

error: Content is protected !!