मनेरी की एथेनॉल कंपनी पर किसानों ने लगाए गंभीर आरोप, कलेक्टर से कार्रवाई की मांग

निवास, मंडला। निवास तहसील के किसानों ने ओरिएंटल एथेनॉल कंपनी पर बिना अनुमति के खेतों में रॉ मटेरियल (राखड़) डालने और इससे फसलों को नुकसान पहुंचने का आरोप लगाया है। किसानों ने जिला कलेक्टर को आवेदन सौंपकर मामले की जांच और उचित कार्रवाई की मांग की है।

मनेरी क्षेत्र में स्थित कंपनी के व्दारा ग्राम तकलेही निवासी सीमाबाई पति सत्‍चू के खेत में करीब 3 एकड़ क्षेत्र में भारी मात्रा में राखड़ मटेरियल डाल दिया गया। किसानों का आरोप है कि हाल ही में हुई भारी बारिश के कारण यह राखड़ बहकर करीब 15 अन्य किसानों के खेतों में पहुंच गया, जिससे खेतों में लगभग 1.5 से 2 फीट तक राखड़ की परत जम गई है।

आवेदन में किसानों ने बताया कि राखड़ की मोटी परत जमने से खेतों में खड़ी फसलें प्रभावित हुई हैं। उनका कहना है कि राखड में मौजूद जहरीले केमिकल से उपजाऊ भूमि बंजर होने की आशंका है और किसानों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ सकता है।

किसानों ने प्रशासन से कंपनी के विरुद्ध वैधानिक एवं दंडात्मक कार्रवाई, प्रभावित किसानों को नष्ट हुई फसल तथा भूमि की उत्पादक क्षमता में हुए नुकसान का उचित मुआवजा दिलाने और खेतों से राखड़ तत्काल हटाकर सुरक्षित स्थान पर उसके प्रबंधन की मांग की है।

आवेदन में लगाए गए आरोप के संबंध में कंपनी से संबंधित अधिकारियों का पक्ष नहीं मिल सका है। 

Leave a Comment

error: Content is protected !!