निवास के सुलभ शौचालय में मिला मृत नवजात

निवास (मंडला)। नगर के एक सुलभ शौचालय में गुरुवार दोपहर उस वक्त सनसनी फैल गई, जब वहां गई कुछ स्कूली छात्राओं ने अंदर एक मृत नवजात शिशु को देखा। मौके पर मिले हालातों और खून के निशानों को देखते हुए सुलभ शौचालय के भीतर ही प्रसव (डिलीवरी) होने की आशंका जताई जा रही है। घटना की जानकारी मिलते ही तत्काल पुलिस को सूचित किया गया।

बस स्टैंड स्थित सुलभ शौचालय में मौजूद कर्मचारी बिरजू दुधिया ने बताया कि दोपहर करीब डेढ़ बजे कुछ स्कूली छात्राएं शौचालय के महिला कक्ष में गई थीं। अंदर जाने के कुछ ही देर बाद छात्राएं घबराई हुई हालत में चिल्लाते हुए बाहर निकलीं और बताया कि अंदर काफी खून फैला है तथा एक नवजात पड़ा है। जब कर्मचारी ने भीतर जाकर देखा, तो वहां एक मृत नवजात शिशु पड़ा हुआ था। इसके बाद उन्होंने तुरंत स्थानीय पुलिस को मामले की सूचना दी।

सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का मुआयना कर शव को अपने कब्जे में लिया। मामले की पुष्टि करते हुए एसआई के. के. विश्वकर्मा ने बताया कि पुलिस हर पहलू से मामले की जांच कर रही है। उन्होंने कहा कि नवजात की उम्र और मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा डॉक्टरों की पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा। फिलहाल पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की मदद ले रही है।

Leave a Comment