कान्हा टाइगर रिजर्व में चल रही तीन दिवसीय ग्रीष्मकालीन गिद्ध गणना के दूसरे दिन गिद्धों की संख्या बढ़कर 333 पहुंच गई है। पहले दिन यहां 306 गिद्ध दर्ज किए गए थे, जबकि इससे पहले फरवरी 2026 में हुई गणना में कुल 224 गिद्ध पाए गए थे। लगातार बढ़ती संख्या को वन्यजीव संरक्षण के लिहाज से सकारात्मक संकेत माना जा रहा है।
गणना के दूसरे दिन 23 मई 2026 को कान्हा, मुक्की, सरही और किसली परिक्षेत्रों में सर्वे कार्य किया गया। इस दौरान तीन प्रजातियों के गिद्धों की मौजूदगी दर्ज की गई, जिनमें भारतीय गिद्ध, सफेद पीठ वाले गिद्ध और राज गिद्ध शामिल हैं।
वन विभाग के अनुसार गणना में कुल 305 वयस्क एवं 28 अवयस्क गिद्ध दर्ज किए गए। प्रशिक्षित अमले द्वारा निर्धारित प्रोटोकॉल के तहत यह गणना की जा रही है, ताकि क्षेत्र में गिद्धों की वास्तविक संख्या, प्रजातिगत स्थिति और संरक्षण संबंधी महत्वपूर्ण आंकड़े जुटाए जा सकें।
कान्हा टाइगर रिजर्व प्रबंधन का कहना है कि गिद्धों के संरक्षण और संवर्धन के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। गिद्ध गणना जैसे अभियान उनके आवास, प्रजनन और संरक्षण रणनीति को और अधिक प्रभावी बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
विशेषज्ञों के अनुसार गिद्धों की बढ़ती संख्या यह संकेत देती है कि कान्हा क्षेत्र में वन्यजीवों के लिए अनुकूल वातावरण तैयार हो रहा है और संरक्षण उपायों का सकारात्मक असर दिखाई दे रहा है।

Aditya Kinkar Pandey is a Since completing his formal education in journalism in 2008, he has built for delivering in-depth and accurate news coverage. With a passion for uncovering the truth, Aditya has become bring clarity and insight to complex stories. work continues to investigative journalism.