मंडला, निवास सहित कई जिलों की चोरी की वारदातों का खुलासा

मंडला। जिले की महाराजपुर थाना पुलिस ने चोरी की वारदातों का खुलासा करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार करने में बड़ी सफलता हासिल की है।

पुलिस अधीक्षक मंडला राजेश रघुवंशी ने प्रेसवार्ता में जानकारी देते हुए बताया कि पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चांदी के आभूषण, नकदी और वारदात में इस्तेमाल की गई दो मोटरसाइकिलें जब्त की हैं। पूछताछ में आरोपियों ने मंडला जिले के अलावा जबलपुर, डिंडोरी और कटनी जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में भी चोरी की कई वारदातों को अंजाम देना स्वीकार किया है।

सूने मकान को बनाया था निशाना

पुलिस के अनुसार, 30 अक्टूबर 2026 को ग्राम सूरजपुरा निवासी कमलेश धुर्वे ने महाराजपुर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि वह अपने परिवार के साथ घर में ताला लगाकर ग्राम अहमदपुर काम से गया था। वापस लौटने पर घर के लोहे के गेट और मुख्य दरवाजे का ताला टूटा मिला। घर के अंदर रखी अलमारी से चांदी के जेवर और नकदी गायब थी।

फरियादी की रिपोर्ट पर पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

मुखबिर की सूचना पर पांच आरोपी गिरफ्तार

चोरी की वारदात के खुलासे के लिए पुलिस ने तलाश और पतासाजी शुरू की। इसी दौरान ग्राम सूरजपुरा में पांच संदिग्ध युवक दो मोटरसाइकिलों के साथ दिखाई दिए। पुलिस ने उन्हें हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में आरोपियों ने सूरजपुरा में चोरी की वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया। इसके बाद उन्होंने अलग-अलग थाना क्षेत्रों में भी चोरी की घटनाओं में शामिल होना कबूल किया।

गिरफ्तार आरोपियों में करन धुर्वे (20), विजय मरावी (28), मनोज धुर्वे उर्फ किशन (25), अरवेद उर्फ भूपेंद्र धुर्वे (23) और एक 16 वर्षीय विधि से संघर्षरत बालक शामिल है। सभी आरोपी शेरपुर, थाना परसवाड़ा, जिला बालाघाट क्षेत्र के निवासी बताए गए हैं।

कई जिलों में फैला था चोरी का नेटवर्क

पुलिस की विज्ञप्ति के अनुसार आरोपियों ने मंडला जिले के निवास, मोहगांव और नैनपुर थाना क्षेत्रों के अलावा जबलपुर जिले के बरैला थाना क्षेत्र, डिंडोरी जिले के मेंहदवानी थाना क्षेत्र तथा अन्य स्थानों पर चोरी की वारदातें करना स्वीकार किया है।

आरोपियों ने सूने मकानों की रेकी कर ताले तोड़कर चोरी करने का तरीका अपनाया। पुलिस के मुताबिक, गिरोह ने मंडला जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में कई वारदातों को अंजाम दिया था।

करीब 21 लाख रुपये से अधिक की चोरी का खुलासा

पुलिस द्वारा जारी जानकारी के मुताबिक, आरोपियों ने मंडला जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में कुल 21 लाख 29 हजार 700 रुपये की चोरी की वारदातें करना स्वीकार किया है। इनमें निवास थाना क्षेत्र में 12 लाख 73 हजार रुपये, मोहगांव थाना क्षेत्र में 5 लाख 24 हजार 700 रुपये तथा नैनपुर थाना क्षेत्र में 3 लाख रुपये की चोरी शामिल बताई गई है।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब 15 तोला वजनी चांदी की पायल, चांदी की बिछिया, नकदी तथा चोरी की वारदात में इस्तेमाल की गई दो मोटरसाइकिलें जब्त की हैं। जब्त संपत्ति का कुल मूल्य लगभग 1 लाख 90 हजार रुपये बताया गया है।

पुलिस टीम की रही अहम भूमिका

इस पूरी कार्रवाई में महाराजपुर थाना प्रभारी, निवास, मोहगांव एवं अन्य थाना क्षेत्रों के पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस ने आरोपियों के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई करते हुए उन्हें न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत करने की प्रक्रिया की है। अन्य चोरी की वारदातों और चोरी गई संपत्ति की बरामदगी के संबंध में भी विवेचना जारी है।

This website uses cookies.