पिंडरई चौरी कांड 52 लाख से अधिक के जेवर एवं वाहन जप्त

mandla जिले के सराफा व्यवसाई की दुकान से चोरी के मामले में पुलिस ने सफलतापूर्वक 52 लाख के ज़ेवर और वाहन जप्त किया है। शुक्रवार को पुलिस ने पांच आरोपीयों को न्यायालय में पेश किया है।

25.04.2026 को पवन कुमार सोनी निवासी कन्हरगांव द्वारा चौकी पिंडरई में रिपोर्ट दर्ज कराई गई कि वह पिंडरई बाजार में सराफा दुकान लगाने आया था। दुकान लगाने के दौरान अज्ञात व्यक्ति उसके सोने-चांदी के जेवर, नगदी, गिरवी रजिस्टर एवं अन्य दस्तावेजों से भरे बैग को चोरी कर फरार हो गए। चोरी गए सामान की अनुमानित कीमत लगभग 50 लाख रुपये थी।

घटना को गंभीरता से लेते हुए तत्काल विशेष टीम गठित कर आरोपियों की तलाश प्रारंभ की गई। जांच के दौरान सीसीटीवी फुटेज, मुखबिर सूचना एवं साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों तक पहुंच बनाई गई। पूछताछ में ज्ञात हुआ कि आरोपीगण जिला सीहोर के ग्राम लमटी राला पारदीपुरा क्षेत्र के निवासी हैं, जो कंगन, चूड़ी एवं रुद्राक्ष बेचने के बहाने मंडला, सिवनी एवं बालाघाट जिले के विभिन्न गांवों एवं बाजारों में घूमते थे। आरोपीगण समनापुर-सांगवा क्षेत्र के मध्य रेलवे लाइन के पास नाला किनारे अस्थायी डेरा बनाकर रह रहे थे।

दिनांक 25.04.2026 को आरोपी चोरी की योजना बनाकर पिंडरई बाजार पहुंचे। बाजार में एक दुकान के सामने रखे थैले में सोने-चांदी के जेवर होने की जानकारी मिलने पर आरोपी विधि से संघर्षरत बालक द्वारा मौका पाकर थैला चोरी कर लिया गया। इसके बाद आरोपी मोटरसाइकिल एवं अल्टो कार से फरार होकर अपने डेरे पहुंचे, जहां चोरी किए गए सामान का आपस में बंटवारा किया गया।

पुलिस द्वारा आरोपियों से पूछताछ के आधार पर चोरी गए सोने-चांदी के आभूषण, नगदी एवं घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल जप्त की गई है। प्रकरण में आरोपियों के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

Leave a Comment

error: Content is protected !!