मंडला के विकास पर अपर सचिव ने दिखाया आइना भड़के सांसद

मुख्यमंत्री कार्यालय के अपर सचिव लक्ष्मण सिंह मरकाम द्वारा मंडला दौरे के दौरान जिले के विकास की गति और निवेश की आवश्यकता को लेकर की गई टिप्पणी पर राजनीतिक विवाद खड़ा हो गया है।

अपर सचिव के बयान के बाद जिले में सियासी पारा चढ़ गया है और पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं मंडला सांसद फग्गन सिंह कुलस्ते ने इस पर कड़ा पलटवार किया है।

अपर सचिव ने कहा संसद में लड़ना पड़ेगा तब मिलेगा फंड

मीडिया से बातचीत करते हुए अपर सचिव लक्ष्मण सिंह मरकाम ने कहा कि मंडला जिले को ‘विकसित भारत’ की श्रेणी में लाने के लिए कम से कम पाँच हजार करोड़ रुपये के निवेश की आवश्यकता है। मंडला विकसित भारत में फिट नहीं बैठ रहा है। उदाहरण देते हुए उन्होंने कहा कि यदि संसद में सही तरीके से बात उठती, तो अमरकंटक जाने वाला केंद्रीय विश्वविद्यालय आज मंडला में होता।

मरकाम ने आगे कहा कि मंडला जिले की पचासी फीसदी आबादी गांवों में रहती है और उनके पलायन को रोकने के लिए मजबूत बुनियादी ढांचा बनाना आवश्यक है, मंडला में अपार संभावनाएं हैं जरूरी है कि सही तरीके से योजनाएं बने। मंडला में अस्सी फीसदी राशी ट्राइबल फंड से आ रही है इसके बाद भी विकास नहीं दिख रहा है। 

सांसद कुलस्ते का तीखा पलटवार

अपर सचिव के बयान को सीधे तौर पर खुद पर हमला मानते हुए मंडला सांसद फग्गन सिंह कुलस्ते ने कड़ा पलटवार किया है। कुलस्ते ने अपर सचिव पर जनता को भड़काने का आरोप लगाते हुए कहा कि अधिकारी अपनी प्रशासनिक सीमा में रहें, क्योंकि जनप्रतिनिधियों की लोकप्रियता जनता तय करती है, नौकरशाह नहीं।

अपर सचिव की इस टिप्पणी पर प्रतिक्रिया देते हुए सांसद फग्गन सिंह कुलस्ते ने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री कार्यालय के अपर सचिव जनता को भड़काने का काम कर रहे हैं। कुलस्ते ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि जनप्रतिनिधियों की लोकप्रियता और कामकाज का फैसला जनता करती है, कोई नौकरशाह नहीं।

उन्होंने जिले में हो रहे विकास कार्यों का हवाला देते हुए बताया कि मंडला में मेडिकल कॉलेज का निर्माण कार्य प्रगति पर है और वर्ष 2027 से इसमें कक्षाएं शुरू करने की तैयारी चल रही है। कुलस्ते ने कहा कि अधिकारियों को अपनी प्रशासनिक सीमाओं में रहकर विकास कार्यों को गति देनी चाहिए, न कि सार्वजनिक मंचों से राजनीतिक बयानबाजी करनी चाहिए।

This website uses cookies.